Home  लाइफस्टाइल समाचार धूप की जरूरत नहीं! 15 मिनट में बनाएं आम का चटपटा अचार,...

धूप की जरूरत नहीं! 15 मिनट में बनाएं आम का चटपटा अचार, जानें सबसे आसान तरीका

16
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कच्चे आम का सीजन आ चुका है और अब लोग अचार बनाना भी शुरू कर देंगे। जिन लोगों के पास समय कम रहता है, वह आम धूप में रखने-सूखाने के झंझट से दूर रहते हैं। ऐसे में आप बिना धूप दिखाए, चटपटा अचार बना सकते हैं। तो चलिए आज आपको आसान ट्रिक बताते हैं।

आम का अचार हर साल हर घर में बनाया जाता है। कच्चा आम जैसे ही बाजार में आता है, लोग इसका अचार बनाने की तैयारी शुरू कर देते हैं। आम का अचार दाल-चावल, पूड़ी, पराठा, रोटी सभी के साथ खाना टेस्टी लगता है, बस इसे बनाने में थोड़ा झंझट है। पहले आम को काटकर धूप में दिखाओ और फिर अचार बनाओ। आजकल हर चीज जल्दी बनाने वाले लोग इतना झंझट पसंद नहीं करते हैं। अगर आप आम का अचार खाने के शौकीन हैं और ज्यादा झंझट नहीं चाहिए, तो हम आपके लिए बिल्कुल सिंपल तरीका लेकर आए हैं। इस तरीके से आप सिर्फ 15 मिनट में आम का अचार बनाकर रख सकते हैं और इसमें धूप की भी जरूरत नहीं है। तो चलिए इस आम के अचार को बनाने का आसान हैक आपको बताते हैं।

आम का अचार बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए-

3-4 आम, आधा कप सरसों का तेल, 3 सूखी लाल मिर्च, 2 चम्मच पीली सरसों, आधा चम्मच मेथी पाउडर, डेढ़ चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच नमक, 1 चम्मच सौंफ, चौथाई चम्मच हींग, आधा चम्मच हल्दी, 2-3 चम्मच सिरका।

सरसों तेल गर्म करें

सबसे पहले कढ़ाही में बताए गए माप के अनुसार सरसों का तेल डालें और उसमें सूखी लाल मिर्च गर्म करें। फिर इसे साइड में ठंडा होने के लिए रख दें। अब आपको आम को पतले पीस में काट लेना है। आम का अचार बड़े टुड़के में बनता है लेकिन इसे बनाने के लिए लंबे-पतले पीस काटने होंगे। ध्यान रखें कि आम में पानी बिल्कुल न लगे, वरना अचार खराब हो जाएगा।

मसाला तैयार करें

अब आपको एक बाउल में 2 चम्मच पीली सरसों, आधा चम्मच मेथी पाउडर, डेढ़ चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच नमक, 1 चम्मच सौंफ, चौथाई चम्मच हींग, आधा चम्मच हल्दी डालकर मसाला तैयार करना है। कटे हुए आम को इस मसाले में मिलाकर मिक्स करें। मिक्स ऐसा करना है कि आम के ऊपर मसाला बिल्कुल चढ़ जाए।

अचार बनाएं

जब मसाले में आम बिल्कुल लिपट जाए, तब कढ़ाही में रखा हुआ तेल उठाकर इसी में डाल दें। अब चम्मच से अच्छे से मिक्स करें। फिर आपको इसमें डालना है 2-3 चम्मच सिरका। सिरका डालने से आम गल जाएगा, खट्टापन बढ़ेगा और अचार जल्दी खराब भी नहीं होता। अब इसे आप ऐसे भी खा सकते हैं लेकिन आण को थोड़ा गलाने के लिए इसे 24 घंटे के लिए कवर करके रखना होगा। इसके बाद आपको दिखेगा कि आम हल्का सा गल गया है।

स्टोर करें

किसी जार में अचार को स्टोर करें, ध्यान रखें कि जार में पानी बिल्कुल न हो। अगर आप इसे जल्दी खाकर खत्म कर सकते हैं, तो इसे ऐसे ही रख दें। अगर लंबा चलाना चाहते हैं, तो बीच में 1-2 जार को धूप दिखाएं। ऐसा करने से इसमें फंगस नहीं लगेगा और अचार खराब नहीं होगा। इस अचार को बनाने से पहले आम को धूप में रखना नहीं पड़ेगा और ये जल्दी बन जाता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN