Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई फोन पर बातचीत के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस के प्रस्तावित अल्पकालिक युद्धविराम के पूरे विवरण की मांग की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई फोन पर बातचीत के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस के प्रस्तावित अल्पकालिक युद्धविराम के पूरे विवरण की मांग की है। जेलेंस्की ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मैंने अपने प्रतिनिधियों को अमेरिकी राष्ट्रपति की टीम से संपर्क करने और रूस के अल्पकालिक युद्धविराम प्रस्ताव की स्पष्ट जानकारी लेने का निर्देश दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यूक्रेन लंबे समय तक चलने वाला युद्धविराम चाहता है, न कि केवल कुछ घंटों का।
जेलेंस्की ने आगे कहा कि यूक्रेन शांति चाहता है और इस युद्ध को वास्तव में समाप्त करने के लिए जरूरी राजनयिक प्रयास कर रहा है। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि यह प्रस्ताव मॉस्को में परेड के लिए कुछ घंटों की सुरक्षा का है या इसमें कुछ और भी है। हमारा प्रस्ताव दीर्घकालिक युद्धविराम, लोगों की विश्वसनीय सुरक्षा और स्थायी शांति का है। यूक्रेन किसी भी गरिमापूर्ण और प्रभावी प्रारूप में इसके लिए तैयार है।
बता दें कि ट्रंप ने पुतिन के साथ हुई बातचीत के बाद यूक्रेन संघर्ष में संभावित युद्धविराम का संकेत दिया था। उन्होंने कहा कि पुतिन ने युद्धविराम का ‘थोड़ा सा सुझाव’ दिया है और मॉस्को की ओर से जल्द ही आधिकारिक घोषणा हो सकती है। ट्रंप ने विश्वास जताया कि पुतिन कुछ समय पहले समझौते के लिए तैयार थे, लेकिन बाहरी दबावों के कारण बातचीत की मेज पर आना उनके लिए मुश्किल हो गया।
ईरान को लेकर भी है प्लान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को फोन पर हुई बातचीत के दौरान ईरान के 970 पाउंड संवर्धित यूरेनियम भंडार को तीसरे देश के रूप में संभालने की अपनी पेशकश को दोहराया है। ट्रंप के अनुसार, ईरान से इस यूरेनियम स्टॉक को अमेरिका को सौंपने की मांग के बीच पुतिन ने मदद की इच्छा जताई। ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि पुतिन ने मुझे बताया कि वह इसमें हमारी मदद करना चाहते हैं और संवर्धन प्रक्रिया में शामिल होने को तैयार हैं। इसके जवाब में ट्रंप ने पुतिन से कहा कि मैं चाहूंगा कि आप यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने में शामिल हों। मेरे लिए यह कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।
दूसरी ओर, रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने ईरान के खिलाफ किसी भी नई शत्रुतापूर्ण कार्रवाई के गंभीर परिणामों की चेतावनी दी है। क्रेमलिन ने बताया कि पुतिन ने ट्रंप से फोन पर ईरान मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की और स्पष्ट किया कि ईरानी धरती पर किसी भी प्रकार का जमीनी अभियान पूरी तरह से ‘अस्वीकार्य और खतरनाक’ होगा। राष्ट्रपति पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने पत्रकारों से कहा कि अगर ईरान के खिलाफ लड़ाई फिर से शुरू हुई तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



