Source :- LIVE HINDUSTAN
ईरान में जारी जंग को लेकर ट्रंप के पूर्व सुरक्षा सलाहकार का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति अभी उलझन में हैं। उन्होंने कहा कि ट्रंप अभी ईरान में अपने युद्ध को उद्देश्यों को लेकर उलझन में हैं। ऐसे में इस युद्ध के लंबे चलने की आशंका है।
Iran war update: पश्चिम एशिया में जारी जंग अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए अब गले में फंसी हुई हड्डी बनता जा रहा है। एक ऐसी हड्डी, जिसे न वह उगल पा रहे हैं और न ही निगल पा रहे हैं। ट्रंप की इसी स्थिति को लेकर उनके पुराने सलाहकार जॉन बोल्टन ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ट्रंप को पता ही नहीं है कि उन्हें ईरान में करना क्या है। युद्ध को लेकर अमेरिका के उद्देश्य साफ नहीं है। ऐसी स्थिति में यह युद्ध अभी और भी ज्यादा लंबा चल सकता है।
ईरान युद्ध को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दिए गए संबोधन को बॉल्टन ने विरोधाभासी करार देते हुए कहा कि उनके भाषण से कुछ भी साफ नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि युद्ध को लेकर ट्रंप की टिप्पणियां विरोधाभासी थीं और यह अनुमान लगाना बहुत मुश्किल है कि आगे क्या होगा, क्योंकि उनके उद्देश्य स्पष्ट नहीं हैं।”
बॉल्टन ने आगे कहा कि ट्रंप और उनके प्रशासन को पता ही नहीं है कि ईरान में निशाना किसे बनाना है। ऐसी स्थिति में यह युद्ध और भी ज्यादा लंबा चलेगा। उन्होंने कहा, “ट्रंप के संबोधन में इस बुनियादी सवाल का जवाब भी नहीं था कि आखिर ईरान में निशाना किसे बनाना है। क्या परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाना है? या बैलिस्टिक मिसाइलों को? आखिर युद्ध का असली उद्देश्य क्या है… मुझे लगता है कि ट्रंप अभी भी अपने युद्ध के लक्ष्यों को लेकर उलझन में हैं।
ऐसे अभियानों की सीमा तय नहीं की जानी चाहिए: बॉल्टन
28 फरवरी को ईरान पर हमला करने के बाद अमेरिका और इजरायल ने इसे कुछ दिनों का युद्ध बताया था। लेकिन अब इसे शुरू हुए एक महीने से ज्यादा का वक्त हो चुका है। बॉल्टन ने इस स्थिति के ऊपर अपनी बात रखते हुए कहा कि ऐसे अभियानों की समय सीमा तय नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि ऐसे अभियानों को लेकर कोई समय सीमा तय नहीं करनी चाहिए। इसे एक ऐसे रणनीतिक प्रयास के रूप में देखना चाहिए, जिसमें समय लगता है। खासतौर पर ऐसे मौकों पर जब हम अपने सैनिकों को वहां नहीं भेजने वाले।”
अभी और लक्ष्य आ सकते हैं सामने: बॉल्टन
अमेरिका के राष्ट्रपति के पहले कार्यकाल के दौरान उनके मुख्य राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रह चुके जॉन बॉल्टन ने कहा कि अभी ईरान का युद्ध काफी लंबा चलेगा। उन्होंने कहा, “ट्रंप के उलझन को ध्यान में रखते हुए यह तय है कि अभी यह युद्ध लंबा चलेगा। अभी नए-नए लक्ष्य सामने आएंगे। जैसे ईरान के ड्रोन बनाने वाली इकाइयाँ, उनकी हथियारों की छिपी हुई फैक्ट्रियां, जिसे धीरे-धीरे खत्म करना पड़ेगा।”
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



