Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/03/22/1200x900/Dh_Ahz_1774201322181_1774201326307.jpgDhurandhar 2: फिल्म धुरंधर-2 में मुस्तफा अहमद के काम की खूब तारीफ हो रही है, लेकिन क्या आपको पता है कि बड़े पर्दे तक पहुंचने तक का मुस्तफा का सफर इतना भी आसान नहीं रहा है। उन्होंने सालों तक स्ट्रगल किया।
फिल्म धुरंधर 2 में हमजा के वफादार साथी का किरदार निभाने वाले मुस्तफा अहमद इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म में उनके काम को लोग खूब पसंद कर रहे हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि यहां तक पहुंचने का उनका सफर बिलकुल आसान नहीं था। एक वक्त था जब फिल्म धुरंधर-2 में रिजवान का किरदार निभाने वाले एक्टर मुस्तफा दिल्ली के जनकपुरी के एक छोटे से जिम में नौकरी किया करते थे। मुस्तफा अहमद की पहली सैलरी महज 10 हजार रुपये महीने थी। मुस्तफा ने करीब 15 साल तक कड़ी मेहनत की और इस दौरान ऋतिक रोशन जैसे सुपरस्टार को ट्रेनिंग भी दी।
आसान नहीं रहा मुस्तफा का शुरुआती सफर
मुस्तफा अहमद की शुरुआती जिंदगी काफी चुनौतियों भरी रही। वो डिस्लेक्सिया नाम की बीमारी से जूझ रहे थे, जिसके चलते उन्होंने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। साल 2001 में महज 21 साल की उम्र में वह एक कॉल सेंटर में सबसे कम उम्र के टीम लीडर बने और 1 लाख रुपये महीना कमाने लगे। लेकिन एक छोटी सी घटना ने उनकी जिंदगी बदल दी। जनकपुरी के एक जिम में उन्होंने एक महिला की मदद की, जिसने बाद में एक लेटर लिखकर मुस्तफा को बताया कि उनकी वजह से उसकी जिंदगी में खुशियां लौट आई हैं।
नौकरी छोड़कर जीरो से की थी शुरुआत
‘अल्फा कोच’ पॉडकास्ट में मुस्तफा ने बताया कि इसी लेटर ने उन्हें अपनी पक्की नौकरी छोड़कर फिटनेस में करियर बनाने की इंस्पिरेशन दी। अपना करियर दोबारा जीरो से शुरू करना मुस्तफा के लिए बहुत बड़ा रिस्क था। उनके इस फैसले से उनकी मां इतनी नाराज हुईं कि उन्होंने मुस्तफा से बात करना बंद कर दिया था। मुस्तफा रोजाना सुबह 4 बजे उठकर वेस्ट दिल्ली के एक जिम का शटर खोलते थे और वहां उन्हें सिर्फ 10 हजार रुपये मिलते थे। इसके बाद उन्होंने कनॉट प्लेस के फिटनेस फर्स्ट में काम शुरू किया और अपनी मेहनत के दम पर महज तीन महीने में एशिया के नंबर वन ट्रेनर बन गए। वह दिन में 14-14 सेशन लेते थे और महीने में करीब 400 घंटे काम करते थे।
आदित्य धर की वजह से मिल पाया यह मौका
इसी जिद ने उन्हें एक साधारण ट्रेनर से सेलिब्रिटी ट्रेनर बना दिया। फिटनेस की दुनिया में नाम कमाने के बाद मुस्तफा ने फिल्म धुरंधर 2 के जरिए एक्टिंग में कदम रखा। उन्होंने बताया कि उन्हें एक्टिंग में लाने का पूरा क्रेडिट डायरेक्टर आदित्य धर को जाता है। मुस्तफा और आदित्य के बीच गहरी दोस्ती है। जब भी मुस्तफा को खुद पर शक होता था, तो आदित्य हमेशा उनका हौसला बढ़ाते थे। फिल्म की रिलीज से पहले मुस्तफा ने आदित्य के लिए एक इमोशनल नोट भी लिखा था, जिसमें उन्होंने बताया कि आदित्य ने उनके अंदर वो हुनर देखा जिसे वे खुद भी नहीं जानते थे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



