Home मनोरंजन समाचार ‘चिकनी चमेली’ पर श्रेया घोषाल ने तोड़ी चुप्पी, कहा- इतनी समझ नहीं...

‘चिकनी चमेली’ पर श्रेया घोषाल ने तोड़ी चुप्पी, कहा- इतनी समझ नहीं थी, अब ऐसे गाने नहीं गाऊंगी

14
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/03/04/1200x900/Shreya_G_1772635087158_1772635099117.jpg

Shreya Ghoshal: श्रेया घोषाल अपने सॉन्ग ‘चिकनी चमेली’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। अब एक पॉडकास्ट में उन्होंने इस बारे में बात करते हुए साफ किया है कि वह आगे इस तरह के गाने नहीं गाएंगी।

अपनी सुरीली आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली प्लेबैक सिंगर श्रेया घोषाल इन दिनों अपने एक पुराने सुपरहिट गाने ‘चिकनी चमेली’ को लेकर चर्चा में हैं। श्रेया ने हाल ही में कहा था कि वह अब भविष्य में इस तरह के बोल्ड गाने नहीं गाएंगी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा। अब श्रेया ने ट्रोल्स को करारा जवाब देते हुए साफ किया है कि उन्हें अपने इस गाने पर कोई शर्मिंदगी नहीं है, हालांकि उनकी पसंद अब बदल चुकी है और वह आगे फ्यूचर में इस तरह के गाने नहीं गाएंगी।

मुझमें इतनी समझ और मैच्योरिटी नहीं थी

राज शमानी के पॉडकास्ट में श्रेया घोषाल ने बताया कि ‘चिकनी चमेली’ की सक्सेस के बाद उन्हें ऐसे कई गाने ऑफर किए गए जिनमें महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई किया गया था, और उन्होंने उन सभी गानों को ठुकरा दिया। श्रेया ने कहा, ‘उस गाने में काफी कलाकारी है। फिल्म में जो वर्जन आया, वह असल में ओरिजिनल ड्राफ्ट से काफी शालीन था। उस वक्त मुझमें इतनी समझ और मैच्योरिटी नहीं थी कि मैं कुछ लाइनों का सही मतलब समझ सकूं।’

‘गाना मेरा है, पर अब रिकॉर्ड नहीं करूंगी’

जब उनसे पूछा गया कि लोग उन पर सवाल उठा रहे हैं कि अगर उन्हें गाने से दिक्कत है तो वह इसे कॉन्सर्ट में क्यों गाती हैं? इस पर श्रेया ने साफ कहा, ‘हां, मैं इसे परफॉर्म करती हूं क्योंकि मुझे यह गाना पसंद है। यह एक अच्छा गाना है और मुझे इससे कोई शर्मिंदगी नहीं है। मैं इसे अपनाती हूं क्योंकि यह मेरा ही गाना है, लेकिन अब मैं ऐसे गाने दोबारा रिकॉर्ड नहीं करूंगी। कभी-कभी जब ऑडियंस में छोटे बच्चे इस पर नाचते हैं, तो मैं अपनी आंखें बंद कर लेती हूं, पर मैं इसे अपना कहने से मना नहीं कर सकती।’

‘जब मैं 5-6 साल की छोटी बच्चियों को इन…’

इससे पहले साल 2025 में लिली सिंह के साथ हुई बातचीत में भी श्रेया ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी थी। उन्होंने बताया था कि समय के साथ वह अपने काम को लेकर काफी सचेत हो गई हैं। श्रेया के मुताबिक, ‘सेंसुअल या सेक्सी होने और महिलाओं को पूरी तरह से ऑब्जेक्टिफाई करने के बीच एक बहुत बारीक लकीर होती है। जब मैं 5-6 साल की छोटी बच्चियों को इन गानों पर नाचते और मेरे पास आकर कहते देखती हूं कि ‘हमें आपका गाना पसंद है’, तो मुझे बहुत अजीब लगता है। उन मासूम बच्चों के मुंह से ऐसे बोल अच्छे नहीं लगते।’

भविष्य के लिए श्रेया घोषाल का बड़ा फैसला

श्रेया घोषाल ने साफ कर दिया है कि वह अब अपने करियर के उस मुकाम पर हैं जहां वह खुद तय कर सकती हैं कि उन्हें समाज और अगली पीढ़ी को क्या देना है। उन्होंने साफ कहा कि वह अपनी पुरानी रिकॉर्डिंग्स का सम्मान करती हैं, लेकिन अब उनकी प्राथमिकता ऐसे गाने गाने की है जो शालीन हों। श्रेया के इस स्टैंड ने म्यूजिक इंडस्ट्री में ‘आइटम नंबर्स’ और उनके लिरिक्स पर एक नई बहस छेड़ दी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN