Source :- LIVE HINDUSTAN
Mango Ice Cream Recipe: मैंगो आइसक्रीम खाना हर किसी को खूब पसंद होता है। ऐसे में क्यों ना आप घर पर ही इसे बनाकर तैयार करें वो भी फटाफट और बस तीन चार चीजों से। आइए जानें रेसिपी।

गर्मियों का असली मजा तो ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खाने में है। खासतौर से घर पर बनी आइसक्रीम की तो बात ही कुछ और है। वैसे भी गर्मियों में तो बाजार में मीठे रसीले आम भी आने लगते हैं और मैंगो फ्लेवर आइसक्रीम भला किसे पसंद नहीं। अक्सर हमें लगता है कि घर पर आइसक्रीम बनाना थोड़ा मुश्किल होता है। लेकिन आज हम आपको मैंगो आइसक्रीम बनाने की ऐसी सिंपल रेसिपी बता रहे हैं, जिसे बनाना ही आसान नहीं है बल्कि इसे बनाने में समय भी काफी कम लगता है। ऐसे में आप भी गर्मियों में पूरे परिवार के लिए ये टेस्टी आम फ्लेवर वाली आइसक्रीम बनाकर तैयार कर सकती हैं। तो चलिए जानते हैं इसकी मजेदार सी रेसिपी।
आम वाली आइसक्रीम बनाने की सामग्री
इंस्टेंट मैंगो आइसक्रीम बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- मीठे पके हुए आम (3), दूध, कंडेंस्ड मिल्क (4 चम्मच), ताजी मलाई (4 चम्मच)।
ऐसे बनाएं टेस्टी मैंगो फ्लेवर आइसक्रीम
घर पर ही मैंगो फ्लेवर आइसक्रीम बनाने के लिए सबसे पहले आम के छिलके उतार कर उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब आपको आम के इन टुकड़ों को लगभग 6 से 7 घंटे के लिए फ्रीजर में रख देना है। आप चाहें तो रात भर के लिए भी आम के टुकड़ों को फ्रीज कर सकती हैं। इसके साथ ही एक आइस ट्रे में उबला हुआ दूध डालकर उसकी भी बर्फ जमने के लिए रख दें। आप ये सारा काम रात में कर के रख सकती हैं।
अब एक मिक्सर लें और उसमें फ्रीज किए हुए आम के टुकड़े, दूध की जमी हुई बर्फ और कंडेंस्ड मिल्क डालें। आप कंडेंस्ड मिल्क की जगह चीनी और मिल्क पाउडर का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। इसके साथ ही घर की जमी हुई फ्रेश मलाई भी एड करें। अब सभी चीजों को मिक्सर में अच्छी तरह पीस लें और एक पेस्ट बना लें। आपकी इंस्टेंट आइसक्रीम बनकर तैयार है। इसका टेक्सचर थोड़ा पतला होता है, ऐसे में अगर आपको थोड़ी हार्ड आइसक्रीम चाहिए तो इसे फ्रिज में थोड़ी देर सेट होने के लिए भी रख सकती हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN