Home व्यापार समाचार गुड न्यूज: स्पीड पोस्ट की नई सेवाएं, तय समय पर डिलीवरी नहीं...

गुड न्यूज: स्पीड पोस्ट की नई सेवाएं, तय समय पर डिलीवरी नहीं तो पैसा वापस!

12
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गुड न्यूज: Post Office की 3 नई सेवाओं की शुरुआत की है। इनमें 24 स्पीड पोस्ट, 24 स्पीड पोस्ट पार्सल तथा 48 स्पीड पोस्ट शामिल हैं। इनके जरिए अब जरूरी डॉक्यूमेंट्स और पार्सल महज 24 घंटे के भीतर गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

केंद्रीय संचार मंत्री एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को डाक विभाग की 3 नई सेवाओं की शुरुआत की है। इनमें 24 स्पीड पोस्ट, 24 स्पीड पोस्ट पार्सल तथा 48 स्पीड पोस्ट शामिल हैं। इनके जरिए अब जरूरी डॉक्यूमेंट्स और पार्सल महज 24 घंटे के भीतर गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। देरी होने पर पैसे वापसी की गारंटी भी दी जाएगी।

इस मौके पर सिंधिया ने कहा कि आज का दिन हमारे विभाग के लिए काफी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में इंडिया पोस्ट देश के हर नागरिक और वैश्विक ग्राहकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रहा है।

इस पहल को इंडिया पोस्ट और उसके करोड़ों ग्राहकों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए सिंधिया ने कहा कि ये सेवाएं विश्वसनीयता, जवाबदेही और उत्कृष्ट सेवा के प्रति नई प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। उन्होंने सेवाओं के व्यापक परीक्षण और सुधार में लगे डाक कर्मचारियों के समर्पण की भी सराहना की।

लॉजिस्टिक्स व्यवस्था मजबूत होगी

भारतीय डाक विभाग की नई सेवाएं भारत के लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इनके माध्यम से विभाग एक्सप्रेस डिलीवरी सेगमेंट में अपनी स्थिति को और मजबूत कर रहा है तथा प्रमुख महानगरों में विश्वसनीय, सुरक्षित और समयबद्ध डिलीवरी समाधान उपलब्ध करा रहा है।

इन शहरों में मिलेगी सुविधा

डाक विभाग की इन सेवाओं का लाभ फिलहाल देश के छह प्रमुख शहरों में मिलेगा। पहले चरण में यह सेवाएं दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में उपलब्ध होंगी। मार्च 2027 तक इसे देशभर में शुरू करने का लक्ष्य है। निर्धारित समयसीमा का पालन करने के लिए विभाग प्राथमिकता आधारित हवाई परिवहन का उपयोग करेगा। इससे ई-कॉमर्स कंपनियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और व्यापारिक संस्थानों को तेज और प्रभावी पार्सल मूवमेंट में विशेष लाभ मिलेगा।

सेवा की पांच प्रमुख विशेषताएं

1. समय की गारंटी

24 स्पीड पोस्ट एवं 24 स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा के अंतर्गत अगले दिन डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। 48 स्पीड पोस्ट सेवा के माध्यम से दो दिनों में समयबद्ध और सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। अभी फिलहाल 3-5 दिन लगते हैं।

2. रविवार की छुट्टी नहीं

पहली बार ‘24 स्पीड पोस्ट’ सेवा के तहत रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी डिलीवरी की जाएगी। साल में केवल तीन राष्ट्रीय अवकाशों (26 जनवरी, 15 अगस्त और 2 अक्टूबर) को छोड़कर यह सेवा साल के 362 दिन चालू रहेगी।

3. ओटीपी आधारित सुरक्षित डिलीवरी

सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पार्सल की डिलीवरी ओटीपी सत्यापन के बाद ही की जाएगी। साथ ही ग्राहकों को पल-पल की जानकारी एसएमएस अलर्ट और ट्रैकिंग के जरिए मिलती रहेगी। इससे ग्राहक अपने पार्सल का स्टेटस आसानी से जान सकेंगे।

4. मनी-बैक गारंटी

यदि डाक विभाग तय समय सीमा के भीतर पार्सल डिलीवर करने में विफल रहता है, तो ग्राहकों को मनी-बैक गारंटी के तहत मुआवजा दिया जाएगा। यह कदम डाक विभाग की जवाबदेही को और मजबूत करेगा।

5. कारोबारियों के लिए फायदेमंद

छोटे कारोबार और ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए भी यह सेवा उपयोगी होगी। इसमें फ्री बल्क पिकअप, अभी बुक करें-बाद में भुगतान करें और और केंद्रीकृत बिलिंग जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN