Home विश्व समाचार गाजा में इजरायल का ऐक्शन जारी, हमास के सैन्य प्रमुख को मार...

गाजा में इजरायल का ऐक्शन जारी, हमास के सैन्य प्रमुख को मार गिराया

16
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने हमास के सैन्य प्रमुख कमांडर इज्जेदीन अल हद्दाद को मौत के घाट उतार दिया है। हमास के अधिकारियों ने भी हद्दाद की मौत की पुष्टि की है।

इजरायली सेना ने शनिवार को ऐलान किया है कि उसने हमास के सैन्य प्रमुख इज्जेदीन अल हद्दाद को हवाई हमले में मार गिराया है। इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) की तरफ से बताया गया कि हद्दाद उन हमास कमांडरों में शामिल था, जिसने 7 अक्तूबर का प्लान बनाया था। गाजा में हवाई हमले के बाद सेना और इजरायल की घरेलू सुरक्षा एजेंसी ने इस ऐक्शन की पुष्टि की। सेना की तरफ से जारी बयान में कहा गया, “आईडीएफ और आईएसए घोषणा करते हैं कि कल गाजा शहर के इलाके में एक सटीक हमले में आतंकवादी इज्जेदीन अल-हद्दाद को मार गिराया गया।”

इजरायल की तरफ से आए इस बयान के बाद हमास के अधिकारियों ने भी इसकी पुष्टि की। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक हमास के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को इजरायली हवाई हमले में हद्दाद की मौत हो गई है। अधिकारियों ने कहा, “हद्दाद शुक्रवार को एक रिहायशी अपार्टमेंट में मौजूद थे। उसी दौरान वहां पर हुए हमले में उनकी जान चली गई।” गौरतलब है कि हद्दाद की मौत के बाद हजारों की संख्या में लोग उसके जनाने में शामिल हुए। इसमें छोटे बच्चे भी शामिल थे।

7 अक्तूबर के हमले की प्लानिंग में था शामिल

इजरायली सेना की तरफ से बताया गया हद्दाद 7 अक्तूबर के हमले की योजना बनाने में शामिल था। सेना ने कहा, “हद्दाद उन बाकी बचे हमास के आतंकियों में से एक था, जिसने 7 अक्तूबर को हुए हमले की योजना बनाई थी और उसे अंजाम देने का निर्देश दिया था। इसके अलावा युद्ध के दौरान भी हद्दाद ने बड़ी संख्या में इजरायली बंदियों को अपनी कैद में रखा था। इस दौरान उसने अपनी जान बचाने के लिए बंधकों को शील्ड के रूप में भी उपयोग किया था।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN