Source :- LIVE HINDUSTAN
भागने की कोशिश में ओसेगुएरा के वफादार बंदूकधारियों ने फायरिंग की और उसे पास के जंगल में ले गए। बाद में सैनिकों ने उसे और उसके करीबी लोगों को गंभीर रूप से घायल पाया। घायल लोगों को हेलीकॉप्टर से ले जाया गया लेकिन वे सफर में जिंदा नहीं बचे।
El Mencho Killed: मेक्सिको का सबसे खूंखार ड्रग लॉर्ड नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंटेस, जिसे एल मेंचों के नाम से जाना जाता था, सोमवार को मारा गया। यह मोस्ट वांटेड अपराधी कई बार सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर भागने में कामयाब हो चुका था। वह इसमें माहिर भी था। हालांकि इस बार वह भाग नहीं पाया। मेक्सिको की सेना ने एल मेंचों को पकड़ने के लिए एक बड़ा ऑपरेशन चलाया था, जिसमें उन्हें अमेरिका की भी खुफिया मदद मिली थी। इस ऑपरेशन की कुछ डिटेल्स सामने आई हैं। जानकारी के मुताबिक जिस ड्रग लॉर्ड को पकड़ने की कोशिश अधिकारी सालों से कर रहे थे, उसे सेना ने इस बार गर्लफ्रेंड की मदद से ढूंढ निकाला।
रिपोर्ट्स के मुताबिक एल मेंचों की गर्लफ्रेंड ही अधिकारियों के लिए ट्रैकर बनी। अधिकारियों ने एक जाल बिछाकर एल मेंचों की गर्लफ्रेंड को ट्रैक किया, और उसकी मदद से वह पकड़ा गया। अधिकारियों के मुताबिक रोमांटिक पार्टनर की हरकतों से मिली खुफिया जानकारी से सिक्योरिटी फोर्स को जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) लीडर की लोकेशन जलिस्को के पहाड़ी शहर टपलपा के पास पता लगाने में मदद मिली।
कैसे पकड़ाया ड्रग लॉर्ड एल मेंचों?
मेक्सिको के डिफेंस मिनिस्टर रिकार्डो ट्रेविला ने एक बयान में बताया कि अधिकारियों ने ओसेगुएरा के एक पार्टनर से जुड़े एक भरोसेमंद साथी की पहचान की और एक गांव के कंपाउंड तक उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया। उसके जाने के बाद अधिकारियों ने यह नतीजा निकाला कि कार्टेल लीडर भारी सुरक्षा के बीच वहीं मौजूद था। अगले दिन सिक्योरिटी फोर्स ने प्रॉपर्टी को घेर लिया। ओसेगुएरा के वफादार गुंडों ने फायरिंग की और बचने की कोशिश में उसे पास के जंगल में ले गए। हालांकि गोलीबारी में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। एल मेंचों भी सैनिकों के साथ झड़प में घायल हो गया था और बाद में दो बॉडीगार्ड के साथ मेडिकल फैसिलिटी ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
अमेरिका ने की मदद
जानकारी के मुताबिक मैक्सिकन फोर्स ने ही इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। अमेरिका ने इस कार्रवाई के लिए खुफिया जानकारी साझा की, जिससे मैचों की लोकेशन कन्फर्म करने में मदद मिली। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने बताया है कि कि अमेरिकी सैनिक इस ऑपरेशन में शामिल नहीं थे।
मेक्सिको में भारी हिंसा
मेक्सिको में एल मेंचों की मौत के कुछ ही घंटों के अंदर ही CJNG ने कई इलाकों में मिलकर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। कई जगह आगजनी और हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। देश के सुरक्षा सचिव ने सोमवार को बताया कि छह अलग-अलग हमलों में मैक्सिकन नेशनल गार्ड के 25 सैनिक मारे गए, जबकि मेक्सिको के अधिकांश हिस्सों में व्यापक हिंसा की आशंका है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



