Home विश्व समाचार क्या होता है ‘गोइंग डार्क’? जिसका इस्तेमाल कर होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित...

क्या होता है ‘गोइंग डार्क’? जिसका इस्तेमाल कर होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित निकल भारत पहुंचा जहाज

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी जंग से वैश्विक ऊर्जा संकट बढ़ गया है। इसी संघर्ष के बीच होमुर्ज स्ट्रेट से एक जहाज मुंबई पहुंचा है। इस जहाज ने होमुर्ज से अपने एआईएस बंद कर दिया था। समुद्री भाषा में इसे गोइंग डार्क कहते हैं।

पश्चिम एशिया में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी जंग ने वैश्विक ऊर्जा संकट को बढ़ा दिया है। तमाम देशों के जहाज इस समय होर्मुज स्ट्रेट के आसपास फंसे हुए हैं। इस बीच सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर भारत के लिए निकला एक जहाज, होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते से सुरक्षित रूप से मुंबई पहुंच गया है। खाड़ी क्षेत्र में लड़ाई शुरू होने के बाद इस रास्ते से सुरक्षित निकलकर भारत आने वाला यह पहला जहाज है।

एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक लाइबेरिया के झंड़े वाले, शेनलॉन्ग स्वेजमैक्स नामक इस जहाज ने 1 मार्च को सऊदी अरब के रास तनुरा पोर्ट से कच्चा तेल लोड किया था। इसके बाद यह 3 मार्च को वहां से रवाना हुआ। होर्मुज स्ट्रेट पर लगातार चलते संघर्ष की वजह से यह जहाज वहीं पर फंसा रहा। इसके बाद 8 मार्च को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के अंदर ही इसका आखिरी सिग्नल मिला और फिर वह ट्रेकिंग सिस्टम से गायब हो गया। यह इस बात का संकेत है कि जहाज के क्रू ने खतरनाक इलाके से गुजरते समय अपना ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) को बंद कर दिया था। समुद्री जहाज भाषा में इसे गोइंग डार्क कहते हैं।

क्या होता है गोइंग डार्क?

आपको बता दें, एआईएस को आम तौर पर जहाज की पहचान, लोकेशन दिशा और गति की जानकारी प्रसारित करने के लिए चालू रखा जाता है। अंतर्राष्ट्रीय नियमों के अनुसार सामान्य परिस्थितियों की स्थिति में इसे चालू रखना अनिवार्य होता है। हालांकि, युद्ध या संघर्ष वाले क्षेत्रों में दुश्मन की नजर से बचने के लिए कई बार इसे बंद भी कर दिया जाता है, ताकि जहाज को ट्रैक होने से बचाया जा सके।

भारत में कितना तेल लेकर आया शेनलॉन्ग स्वेजमैक्स ?

मुंबई पोर्ट अथॉरिटी के डिप्टी कंजरवेटर प्रवीण सिंह के मुताबिक सऊदी अरब से आए इस जहाज में 1,35,335 मीट्रिक टन कच्चा तेल है, वर्तमान में यह जवाहर द्वीप टर्मिनल पर खड़ा हुआ है। इसके तेल को पूर्वी मुंबई के माहुल क्षेत्र की रिफाइनरियों में भेजा जाएगा। इसका पूरा तेल उतारने में अभी 36 घंटों का समय लगेगा। अधिकारियों के मुताबिक इस जहाज में 29 सदस्यीय क्रू है, जिनमें भारतीय, पाकिस्तानी और फिलीपीनो नाविक शामिल हैं। जहाज के कप्तान कैप्टन सुक्षांत सिंह संधू हैं।

शेनलॉन्ग स्वेजमैक्स नामक यह जहाज तो भारत पहुंच गया है,लेकिन सऊदी अरब से भारत के कंडाला पोर्ट आ रहे मयूरी नारी नामक एक थाई जहाज पर हमला हुआ है। प्रोजेक्टाइल से किए गए इस हमले की वजह से इसमें आग लग गई, इसके 3 क्रू सदस्य अभी भी लापता हैं।

गौरतलब है कि भारत सरकार के सूत्रों के मुताबिक कहा गया था कि ईरानी विदेश मंत्री और विदेश मंत्री जयशंकर के बीच हुई बातचीत के बाद ईरान ने भारतीय जहाजों को होर्मुज से शांति के साथ निकलने की इजाजत दे दी है। हालांकि, ईरान की तरफ से अभी तक इस तरह की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इसी बीच देश में लगातार एलपीजी और तेल की किल्लत को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। संसद में विपक्ष भी लगातार सरकार को घेरने में लगा हुआ है। हालांकि, सरकार की तरफ से कहा गया है कि देश में तेल और गैस के पर्याप्त भंडार मौजूद हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN