Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Al Drago/Getty Images
अपडेटेड 8 घंटे पहले
पढ़ने का समय: 3 मिनट
पिछले सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने 8 ईरानी महिलाओं को फांसी की सज़ा से बचाया.
लेकिन ईरान की न्यायपालिका ने कहा कि ये ग़लत है और जिन 8 महिलाओं का ट्रंप ने ज़िक्र किया उनको फांसी की सज़ा नहीं दी जाने वाली थी.
ईरान की ज्यूडीशरी ने कहा कि ट्रंप ने फ़ेक रिपोर्ट्स पर विश्वास कर लिया.
तो हम अब तक क्या जानते हैं.
ट्रंप का ये बयान तब आया जब सोशल मीडिया पर इन 8 महिलाओं के फ़ोटो के साथ एक दावा सर्कुलेट किया जाने लगा जिसमें कहा गया कि इन महिलाओं को फांसी दी जाने वाली है.
क्या ट्रंप का दावा सही है?
इमेज स्रोत, EYakoby
दावे के मुताबिक़ ये महिलाएं ईरान में जनवरी में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों में शामिल थीं. जिन पर सरकार ने बलपूर्वक क़ाबू पा लिया था.
ट्रंप ने मंगलवार, 21 अप्रैल को ऐसी ही एक पोस्ट शेयर करते हुए ईरानी शासन से इन महिलाओं के बारे में पूछा था और लिखा था कि उनकी रिहाई ‘हमारी बातचीत की अच्छी शुरुआत होगी.’
ये तब हुआ जब अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में दूसरे दौर की बातचीत होने की संभावना जताई जा रही थी.
उसके बाद 22 अप्रैल यानी बुधवार को उन्होंने फिर ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट करते हुए दावा किया कि जिन आठ ईरानी महिला प्रदर्शनकारियों को फ़ांसी दी जानी थी, अब उन्हें फ़ांसी नहीं दी जाएगी.
हालांकि, ईरान ने कहा था कि इन महिलाओं को फ़ांसी देने का कोई इरादा ही नहीं था.
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल प्लेटफ़ॉर्म पर लिखा था,”बहुत अच्छी ख़बर आ रही है. मुझे बताया गया कि इन सभी आठ महिला प्रदर्शनकारियों को नहीं मारा जाएगा. चार को तो फ़ौरन रिहा कर दिया जाएगा और बाक़ी चार को एक महीने तक जेल में रहना होगा. मैं ईरान और उसके नेताओं की इस बात के लिए सराहना करता हूं कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति होने के नाते मेरी अपील मानकर इन महिलाओं की फांसी की सज़ा रद्द कर दी.”
ऐसा तब हुआ जब ख़बरें आ रही थीं कि जनवरी में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में शामिल इन महिलाओं को ईरान में फांसी दी जाने वाली है.
बीबीसी अरबी के मुताबिक़, ईरानी न्यायपालिका से जुड़ी मिज़ान न्यूज़ एजेंसी ने बताया, “ट्रंप को झूठी ख़बरों ने गुमराह किया, जो विरोधी मीडिया चैनलों ने फैलाई थीं. कुछ महिलाएं पहले ही रिहा हो चुकी हैं और बाक़ी पर ऐसे आरोप हैं जिनमें मौत की सज़ा नहीं बनती.”
शॉर्ट वीडियो देखिए
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा

SOURCE : BBC NEWS



