Source :- LIVE HINDUSTAN
पिछले 12 महीनों में फिनटेक, बैंकिंग, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, मीडिया और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी क्षेत्रों में कम से कम 50 सीनियर एआई नेतृत्व पदों खासकर चीफ एआई ऑफिसर पर नियुक्तियां हुई हैं। पिछले छह महीनों में इसकी रफ्तार और तेज हुई है।
मानसी वर्मा और प्रियंवदा सी
भारत की कंपनियों में एआई अब छोटे प्रयोगों से निकलकर सीधे टॉप मैनेजमेंट (ऑफिस) तक पहुंच गया है। एग्जीक्यूटिव सर्च फर्म लांगहाउस के अनुसार, पिछले 12 महीनों में फिनटेक, बैंकिंग, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, मीडिया और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी क्षेत्रों में कम से कम 50 सीनियर एआई नेतृत्व पदों खासकर चीफ एआई ऑफिसर पर नियुक्तियां हुई हैं। पिछले छह महीनों में इसकी रफ्तार और तेज हुई है।
लांगहाउस के डाटा के अनुसार, पिछले एक साल में देखे तो चार महीनों नवंबर 2025 से फरवरी 2026 में ही करीब 33% से ज्यादा नियुक्तियां कर दी गईं। लांगहाउस के सह-संस्थापक और सीईओ अंशुमान दास ने कहा कि भारत में कंपनियां तेजी से चीफ एआई ऑफिसर नियुक्त कर रही हैं। क्योंकि एआई अब केवल तकनीकी पहल नहीं बल्कि बोर्ड स्तर की प्राथमिकता बन गया है।
भूमिका बदल रही
एक रिपोर्ट के अनुसार, कई नई कंपनियों जैसे फूड-डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमेटो और फिटनेस ऐप हेल्थीफाईमी ने मुख्य तकनीकी ऑफिसर (सीटीओ) नहीं रखे। दूसरी कंपनियां स्वीगी, ओला, बुकमाईशो और उड़ान ने टेक्नोलॉजी की जिम्मेदारियां अंदर ही बांट दीं या पद खाली छोड़ दिया।
यह संकेत है कि एआई के दौर में टॉप मैनेजमेंट की संरचना बदल रही है। 50 से अधिक नियुक्तियों में कम से कम 15 पद सीधे चीफ एआई ऑफिसर या एआई केंद्रित जिम्मेदारी वाले थे। जबकि कई जगह सीटीओ, सीडीआईओ (मुख्य डिजिटल एवं सूचना अधिकारी) या ट्रांसफॉर्मेशन हेड की भूमिका में एआई शामिल कर दिया गया।
इन नियुक्तियों में 50 में से केवल दो महिलाएं हैं। सेंट्रिसिटी प्लेटफॉर्म के संस्थापक और सीईओ मनु अवस्थी ने कहा कि हमने एआई और कोर टेक्नोलॉजी नेतृत्व को मिलाकर चीफ एआई एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर बना दिया है। वहीं, मीडिया कंपनियां और नई कंपनियां भी कंटेंट बनाने के लिए एआई आधारित पद बना रही हैं।
करोड़ो में वेतन
सीएक्सओ स्तर पर काम करने वाले अधिकारी करोड़ों का वेतन कमा सकता है। अगर वे एआई सिस्टम लगा दे, डाटा संभाल ले और उससे कंपनी को कमाई करा दे तो उसकी सालाना कमाई आठ से नौ करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो सकती है।
एआई निवेश पर अधिक लाभ
आईबीएम इंस्टीट्यूट फॉर बिजनेस वैल्यू की अक्टूबर रिपोर्ट के अनुसार, 25% भारतीय कंपनियों में पहले से चीफ एआई ऑफिसर हैं। 67% कंपनियां अगले दो वर्षों में यह पद बनाएंगी। जिन कंपनियों में चीफ एआई ऑफिसर हैं, उन्हें एआई निवेश पर लगभग 10% अधिक लाभ मिला।
इन क्षेत्रों में ज्यादा हो रही है ये नियुक्तियां
– बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं
– निवेश कंपनियां
– उद्योग
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



