Home विश्व समाचार ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा को अफगानिस्तान बुला रहा तालिबान? पाकिस्तान...

ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा को अफगानिस्तान बुला रहा तालिबान? पाकिस्तान में खलबली

22
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अफगानिस्तान और पाकिस्तान में पहले ही दोनों देशों की सेनाओं के बीच गोलाबारी और हिंसक झड़पें चल रही हैं। अफगान सरजमीं पर अलकायदा के बड़े चेहरों की मौजूदगी इस अघोषित युद्ध की आग में घी का काम कर रही है।

ओसामा बिन लादेन के बेटे को लेकर पाकिस्तान ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। पाकिस्तान का कहना है कि तालिबान ओसामा के बेटे को अफगानिस्तान बुलाना चाहता है। इस खबर ने पाकिस्तान में खलबली मचा दी है। बॉर्डर पर बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान सेना की मीडिया विंग, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के महानिदेशक (DG) लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने अफगान प्रशासन को सख्त चेतावनी जारी की है।

क्या बोली पाक सेना?

लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अफगानिस्तान से पनप रहे ‘आतंकवाद’ पर बड़ा दावा किया। डीजी आईएसपीआर ने कहा कि अफगान तालिबान की दोहरी नीति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा- अफगान तालिबान को यह तय करना होगा कि उन्हें टीटीपी, अलकायदा, दाएश और बीएलए जैसे आतंकी संगठनों के साथ रहना है या फिर एक पड़ोसी के तौर पर पाकिस्तान के साथ। जनरल चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान के पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल लगातार पाकिस्तान और क्षेत्रीय सुरक्षा को अस्थिर करने के लिए किया जा रहा है। आतंकियों को वहां ‘सेफ हेवन’ मिल रहा है।

ओसामा के बेटे को अफगानिस्तान बुला रहे तालिबान?

पाकिस्तानी टीवी चैनल जियो न्यूज के एक कार्यक्रम में बोलते हुए पाक सेना अधिकारी ने दावा किया कि ‘अफगान तालिबान शासन ने सरकारी इमारतों में आतंकवादियों को छिपा रखा है। अफगान तालिबान शासन के आतंकवादी गुटों से संबंध बने हुए हैं, जिनमें ओसामा बिन लादेन का एक बेटा भी शामिल है।’ उन्होंने कहा, ‘अफगान तालिबान शासन एक आतंकवादी संगठन है जिसने देश पर कब्जा कर लिया है और संयुक्त राष्ट्र भी यही बात कह रहा है। वे उसके (ओसामा बिन लादेन के) बेटे हमजा के संपर्क में हैं और उन्होंने उसे अफगानिस्तान आने के लिए कहा है।’

हमजा बिन लादेन और तालिबान का गठजोड़: रिपोर्ट में क्या है?

पाकिस्तान की इस बौखलाहट के पीछे पश्चिमी और स्वतंत्र खुफिया एजेंसियों की वह रिपोर्ट है, जिसने 2019 के अमेरिकी दावों को पलट दिया है। 2019 में अमेरिका ने दावा किया था कि हमजा बिन लादेन एक एयरस्ट्राइक में मारा गया है। लेकिन हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 35 वर्षीय हमजा न सिर्फ जिंदा है, बल्कि वह काबुल से करीब 100 किलोमीटर दूर जलालाबाद की एक गुप्त लोकेशन पर छिपा है। बताया जा रहा है कि हमजा अपने भाई अब्दुल्ला के साथ मिलकर अलकायदा को पुनर्जीवित कर रहा है और उसे अलकायदा का नया प्रमुख (अमीर) मान लिया गया है।

तालिबान का वीआईपी प्रोटेक्शन

दावों के अनुसार, अफगान तालिबान के शीर्ष नेता हमजा और उसके परिवार को न सिर्फ सुरक्षा मुहैया करा रहे हैं, बल्कि नए सिरे से 10 से ज्यादा टेरर ट्रेनिंग कैंप स्थापित करने में भी उसकी मदद कर रहे हैं।

पाकिस्तान में खलबली और घबराहट के मुख्य कारण

पाकिस्तान को सबसे बड़ा डर यह है कि हमजा के नेतृत्व में अलकायदा और पाकिस्तान के खिलाफ लड़ रहे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का गठजोड़ और मजबूत हो जाएगा। TTP पहले से ही पाकिस्तानी सेना के लिए सिरदर्द बना हुआ है।

अमेरिका की संभावित स्ट्राइक और फजीहत

2011 में जब अमेरिका ने पाकिस्तान के एबटाबाद में घुसकर ओसामा बिन लादेन को मारा था, तब पूरी दुनिया में पाकिस्तान की भारी फजीहत हुई थी। पाकिस्तान डरा हुआ है कि हमजा के बहाने अमेरिका या पश्चिमी देश दोबारा इस क्षेत्र में कोई बड़ा सैन्य ऑपरेशन (ड्रोन स्ट्राइक आदि) कर सकते हैं, जिससे पूरा रीजन अस्थिर होगा।

अफगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा (डूरंड लाइन) पर पहले ही दोनों देशों की सेनाओं के बीच गोलाबारी और हिंसक झड़पें चल रही हैं। अफगान सरजमीं पर अलकायदा के बड़े चेहरों की मौजूदगी इस अघोषित युद्ध की आग में घी का काम कर रही है। लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी का बयान इस बात का संकेत है कि हमजा बिन लादेन की अफगानिस्तान में मौजूदगी ने इस्लामाबाद और काबुल के बीच पहले से ही तनावपूर्ण रिश्तों को एक विस्फोटक मोड़ पर ला खड़ा किया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN