Source :- LIVE HINDUSTAN
ये इस्तीफा इसलिए अहम है क्योंकि इंडिगो एयरलाइन ने करीब ढाई महीने पहले बड़े स्तर पर उड़ान सेवाएं रद्द कर दी थी। इस वजह से भारत के एविएशन सेक्टर में बड़ा संकट पैदा हो गया था।
IndiGo crisis: विवादों में घिरी प्राइवेट सेक्टर की एयरलाइन इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ये इस्तीफा इसलिए अहम है क्योंकि इंडिगो एयरलाइन ने करीब ढाई महीने पहले बड़े स्तर पर उड़ान सेवाएं रद्द कर दी थी। इस वजह से भारत के एविएशन सेक्टर में बड़ा संकट पैदा हो गया था।
इंडिगो ने रद्द कर दी थीं सैकड़ों उड़ानें
इंडिगो ने दिसंबर महीने के शुरुआती हफ्ते में सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दीं क्योंकि एयरलाइन पायलटों के वास्ते नए उड़ान ड्यूटी मानदंडों को लागू करने के लिए पर्याप्त रूप से तैयार नहीं थी। उड़ानें रद्द किए जाने से देश भर में हजारों यात्री फंस गए। इंडिगो के परिचालन में बड़े पैमाने पर व्यवधान के बाद, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने संयुक्त महानिदेशक संजय के. ब्राह्मणे की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति का गठन किया, ताकि ऐसे व्यवधानों के कारणों की व्यापक समीक्षा और मूल्यांकन किया जा सके। इस समिति ने पिछले साल 27 दिसंबर को डीजीसीए को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी।
इसके बाद विमानन क्षेत्र के नियामक डीजीसीए ने पिछले महीने हुई व्यापक उड़ान व्यवधानों के लिए इंडिगो पर 22.20 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया और कंपनी के प्रमुख पीटर एल्बर्स के साथ-साथ दो अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को कड़ी चेतावनी जारी की। नियामक ने एयरलाइन को 50 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी जमा करने का भी निर्देश दिया है। डीजीसीए ने एक अन्य कार्रवाई में एयरलाइन के शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम को 10 फरवरी तक 10 प्रतिशत तक घटा दिया था।
इसके अलावा, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने इंडिगो को प्रथमदृष्टया नियमों के उल्लंघन का दोषी मानते हुए आयोग के महानिदेशक को उसके खिलाफ जांच शुरू करने का निर्देश दिया। सीसीआई ने आयोग के महानिदेशक को मामले की जांच का निर्देश देते हुए 90 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।
इंडिगो को हुआ नुकसान
चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 78 प्रतिशत घटकर 549.1 करोड़ रुपये रह गया। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो को पिछले वर्ष की इसी तिमाही में 2,448.8 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन की कुल आय चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में बढ़कर 24,540.6 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वर्ष की इसी तिमाही में 22,992.8 करोड़ रुपये थी।
शेयर का परफॉर्मेंस
इंडिगो के शेयर की बात करें तो यह मंगलवार को डिमांड में रहा। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन इंडिगो के शेयर में 3.46% की बढ़त दर्ज की गई और 4382.45 रुपये पर पहुंच गया। ट्रेडिंग के दौरान शेयर 4475.25 रुपये तक गया था। अब मैनेजमेंट में इतने बड़े इस्तीफे के बाद निवेशकों की नजर बुधवार को इंडिगो के शेयर पर रहेगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



