Home विश्व समाचार ईरान जंग में उलझी रही दुनिया, रूस ने लुहांस्क पर कर लिया...

ईरान जंग में उलझी रही दुनिया, रूस ने लुहांस्क पर कर लिया पूर्ण कब्जा? कितना अहम है ये क्षेत्र

36
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Ukraine War:  रूस ने पहले ही राजनीतिक दांव खेलते हुए इसे एक स्वतंत्र लुहांस्क पीपल्स रिपब्लिक के रूप में मान्यता दे रखी है, जो उसके आक्रमण के दावों को वैधता प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को दावा किया कि रूसी सशस्त्र बलों ने यूक्रेन के पूरे लुहांस्क क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है। हालांकि यूक्रेन के एक सैन्य अधिकारी ने इस दावे का खंडन किया है। ये दावे-प्रतिदावे ऐसे समय में किये गये हैं जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की अमेरिकी दूतों के साथ वार्ता की तैयारी में जुटे हैं। ये अमेरिकी दूत रूस के आक्रमण पर पूर्ण विराम के लिए मध्यस्थता प्रयास कर रहे हैं।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ”ग्रुप ऑफ फोर्सेज वेस्ट की इकाइयों ने लुहांस्क पीपुल्स रिपब्लिक को पूरी तरह से मुक्त करा लिया है।” हालांकि, यूक्रेन के संयुक्त बल के प्रवक्ता विक्टर ट्रेहुबोव ने कहा कि उस क्षेत्र में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ट्रेहुबोव ने बताया, ”दुर्भाग्य से, लुहांस्क में हमारे पास केवल कुछ छोटे-छोटे इलाके ही बचे हैं, लेकिन उन जगहों पर तीसरी ब्रिगेड लंबे समय से काबिज है।”

रूस के दावों में अतीत में विसंगतियां

युद्धक्षेत्र में प्रगति को लेकर रूस के दावों में अतीत में विसंगतियां देखी गई हैं। रूस द्वारा नियुक्त लुहांस्क के प्रमुख ने पिछले जून में इस पर पूर्ण कब्जे की घोषणा की थी। यूक्रेनी अधिकारियों ने अतीत में कहा था कि रूस अमेरिकी वार्ताकारों को यह विश्वास दिलाने के लिए प्रगति के झूठे दावे करता है कि यूक्रेन में उसकी जीत अपरिहार्य है। जेलेंस्की ने कहा कि वह बुधवार को बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूतों स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत करेंगे करेंगे ताकि आगे की त्रिपक्षीय वार्ता की संभावना पर चर्चा की जा सके।

लुहांस्क क्षेत्र कितना अहम?

लुहांस्क रूस-यूक्रेन युद्ध में अत्यंत महत्वपूर्ण रणनीतिक और औद्योगिक क्षेत्र है। यह डोनबास का हिस्सा है, जिसे रूस अपने नियंत्रण में लेकर युद्ध के प्रमुख लक्ष्यों को हासिल करना चाहता है। 2022 से रूस का इस पर लगभग पूर्ण नियंत्रण है, जो इसे यूक्रेन के खिलाफ एक प्रमुख आधार बनाता है। यह पूर्वी यूक्रेन का एक प्रमुख क्षेत्र है, जो रूस से सटा हुआ है, जिससे रूसी सेना के लिए रसद की सप्लाई आसान हो जाती है। इसक् अलावा इलसका औद्योगिक महत्व भी है। लुहांस्क और डोनेट्स्क मिलकर औद्योगिक रूप से समृद्ध डोनबास क्षेत्र बनाते हैं, जो कोयला खदानों और भारी उद्योगों के लिए जाना जाता है।

युद्ध की दिशा तय करने में भी अहम कारक

यह युद्ध की दिशा तय करने में भी एक अहम कारक है। रूस द्वारा पूरे लुहांस्क क्षेत्र पर कब्जा करने का दावा, इसे तीन साल से अधिक के युद्ध में रूस द्वारा पूरी तरह से कब्जे में लिया गया पहला बड़ा यूक्रेनी क्षेत्र बनाता है। रूस ने पहले ही राजनीतिक दांव खेलते हुए इसे एक स्वतंत्र “लुहांस्क पीपल्स रिपब्लिक” के रूप में मान्यता दी है, जो उसके आक्रमण के दावों को वैधता प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण है। इस क्षेत्र पर नियंत्रण होने से रूस को यूक्रेन के बाकी हिस्सों पर दबाव बढ़ाने में मदद मिल सकेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN