Source :- LIVE HINDUSTAN
सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि यह विराम 18/19 मार्च की मध्यरात्रि से 23/24 मार्च की मध्यरात्रि तक लागू रहेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सीमा पार से किसी भी हमले, ड्रोन हमले या पाकिस्तान के अंदर किसी भी आतंकवादी घटना की स्थिति में, अभियान तुरंत फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने ईद-उल-फितर के मद्देनजर और सऊदी अरब, तुर्किये और कतर के अनुरोध पर संघर्ष को ‘अस्थायी रूप से रोके जाने’ की बुधवार को घोषणा की। अफगान सरकार द्वारा इस्लामाबाद पर काबुल में एक पुनर्वास अस्पताल पर हमले में 400 लोगों की हत्या का आरोप लगाने के एक दिन बाद यह घोषणा की गई।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सीमावर्ती क्षेत्र में तालिबान के कथित ठिकानों पर उनके देश द्वारा नए हमले किए जाने के कुछ घंटों बाद एक्स पर एक पोस्ट में यह घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘आगामी इस्लामी त्योहार ईद-उल-फितर को देखते हुए, पाकिस्तान ने अपनी पहल पर और सऊदी अरब, कतर और तुर्किये जैसे मित्र इस्लामी देशों के अनुरोध पर जारी अभियान ‘गजब-लिल-हक’ के बीच अस्थायी रोक की घोषणा करने का निर्णय लिया है।’
कब तक लागू रहेगा सीजफायर
तरार ने कहा कि यह विराम 18/19 मार्च की मध्यरात्रि से 23/24 मार्च की मध्यरात्रि तक लागू रहेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सीमा पार से किसी भी हमले, ड्रोन हमले या पाकिस्तान के अंदर किसी भी आतंकवादी घटना की स्थिति में, अभियान तुरंत फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
इसके कुछ घंटों बाद, अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा कि अफगानिस्तान के सुरक्षा बलों ने ईद-उल-फितर के अवसर पर और सऊदी अरब, तुर्किये और कतर के अनुरोध पर रक्षा अभियानों को अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि काबुल ‘किसी भी तरह के खतरे की स्थिति में किसी भी आक्रामकता का बहादुरी से जवाब देगा।’
अफगानिस्तान में हुआ सामूहिक अंतिम संस्कार
पाकिस्तान की तरफ से किए गए हवाई हमले में मारे गए लोगों का सामूहिक अंतिम संस्कार किया गया है। जानकारी के मुताबिक बुलडोजर की मदद से कब्र खोदी गई और उनमें सामूहिक रूप से पीड़ितों को दफना दिया गया। अफगानिस्तान के अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के हमलों में सबसे भीषण हमले में 408 लोगों की मौत हो गई और 265 लोग घायल हुए। हालांकि, इस आंकड़े की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।
हालांकि, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के इस आरोप को खारिज कर दिया है कि उसने ओमिद अस्पताल को निशाना बनाया था। पाकिस्तान का कहना है कि सोमवार को काबुल और पूर्वी अफगानिस्तान में उसके हमले सैन्य ठिकानों पर किए गए थे। उसने सैकड़ों लोगों के हताहत होने के अफगान दावों को दुष्प्रचार बताया है।
हमले पर भड़का संयुक्त राष्ट्र
UNHCHR यानी संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक नशामुक्ति केंद्र पर हुए पाकिस्तानी हवाई हमले की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच की मांग की है। इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत और 250 के घायल होने की खबर है।
यूएनएचसीएचआर के प्रवक्ता थमीन अल-खीतान ने कहा कि इस घटना की तुरंत, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए और दोषियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि जांच के नतीजे सार्वजनिक किए जाएं और पीड़ितों व उनके परिवारों को मुआवजा मिलना चाहिए।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



