Home विश्व समाचार इन 15 देशों से तुरंत निकल जाओ… युद्ध के बीच अपने नागरिकों...

इन 15 देशों से तुरंत निकल जाओ… युद्ध के बीच अपने नागरिकों से US की अपील, अगला कदम क्या?

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का मारा जाना और किसी भी स्पष्ट योजना का ना होना इस बात के संकेत हैं कि यह जंग लंबे समय तक जारी रह सकती है और इसके व्यापक परिणाम हो सकते हैं।

ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद अब पूरा मिडिल ईस्ट सुलग रहा है। इन हमलों के जवाब में खाड़ी देशों पर ईरान के हमले जारी है, वहीं अमेरिका और इजरायल अब भी तेहरान को दहला रहे हैं। बीते सोमवार ईरानी ड्रोंस और मिसाइल हमलों में खाड़ी देशों में कई मौतों के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। ऐसे में अमेरिका अपनी ही लगाई आग से अपने नागरिकों को बचाने की कोशिश कर रहा है। बढ़ते सुरक्षा खतरे के बीच अमेरिकी विदेश विभाग ने सोमवार को अपने नागरिकों से मध्य पूर्व के एक दर्जन से अधिक देशों को तुरंत छोड़ने को कहा है।

विदेश विभाग की सहायक मंत्री (कांसुलर अफेयर्स) मोरा नामदार ने एक बयान में कहा है कि सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए अमेरिकी नागरिक उपलब्ध विकल्पों के जरिए जल्द से जल्द इन देशों से निकल जाएं। यह एडवाइजरी बहरीन, मिस्र, ईरान, इराक, इजराइल, वेस्ट बैंक और गाजा, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब, सीरिया, संयुक्त अरब अमीरात और यमन पर लागू है। हाल के दिनों में विभाग ने इन देशों के लिए यात्रा संबंधी चेतावनियां अपडेट कर यात्रा से बचने की सलाह भी दी थी।

सऊदी में अमेरिकी दूतावास में लगी आग

इस बीच जॉर्डन की राजधानी अम्मान स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोमवार को घोषणा की कि वहां के कर्मियों को एक खतरे के कारण परिसर से हटा लिया गया है। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि हालात संभालने और संघर्ष के जवाब में समन्वय के लिए एक इमरजेंसी टास्क फोर्स सक्रिय कर दी गई है। वहीं सऊदी अरब में अमेरिकी दूतावास पर ईरानी ड्रोन से आग लगने की भी खबर सामने आई है। ऐसे में अमेरिका ने चेतावनी जारी कर दी है।

आगे क्या है ट्रंप की योजना?

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के खिलाफ चार से पांच सप्ताह तक सैन्य अभियान जारी रह सकता है, लेकिन वह ‘इससे ज्यादा समय तक के लिए भी’ तैयार हैं। उन्होंने सोमवार को वाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का मारा जाना और किसी भी स्पष्ट योजना का ना होना इस बात के संकेत हैं कि यह जंग लंबे समय तक जारी रह सकती है और इसके व्यापक परिणाम हो सकते हैं।

अंतहीन होगा युद्ध?

वहीं अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोमवार को ईरान में अमेरिका-इजराइल के हमलों के एक लंबे क्षेत्रीय संघर्ष में तब्दील होने की बढ़ती चिंताओं पर कहा कि यह इराक नहीं है और यह अंतहीन नहीं है। हेगसेथ ने कहा, ”…हम जीतने के लिए लड़ते हैं, और हम समय या जीवन बर्बाद नहीं करते।” उन्होंने कहा, ”यह तथाकथित सत्ता परिवर्तन का युद्ध नहीं है, लेकिन सत्ता परिवर्तन निश्चित रूप से हुआ है और दुनिया के लिए यह बेहतर स्थिति है।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN