Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, NASA
अपडेटेड 3 घंटे पहले
पढ़ने का समय: 6 मिनट
आर्टेमिस-2 के अंतरिक्ष यात्री नौ दिनों से ज़्यादा के अपने मिशन को पूरा कर धरती पर सुरक्षित लौट आए हैं.
अंतरिक्ष यात्रियों को ला रहे कैप्सूल ने भारतीय समयानुसार सुबह क़रीब साढ़े पांच बचे प्रशांत महासागर में ‘स्प्लैस्ड डाउन’ किया.
मिशन पर गए अंतरिक्ष यात्री कमांडर रीड वाइज़मैन कमांडर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि टीम के सदस्य पूरी तरह स्वस्थ हैं.
आर्टेमिस-2 के अंतरिक्ष यात्रियों ने इस मिशन पर इतिहास रचा और धरती से इतनी दूर पहुंचे जहां इंसान पहले कभी नहीं पहुंचा था. अंतरिक्ष यात्री अपने स्पेसक्राफ़्ट से पूर्ण सूर्यग्रहण देखने के बाद पृथ्वी की ओर लौटे हैं.
इससे पहले कमांडर रीड वाइज़मैन ने कहा था कि इस मिशन में शामिल ओरायन स्पेसक्राफ़्ट के चालक दल ने ‘ऐसे नज़ारे देखे, जिन्हें आज तक किसी इंसान ने कभी नहीं देखा.’
वहीं एक और अंतरिक्ष यात्री पायलट विक्टर ग्लोवर ने कहा कि उन्होंने जो देखा, उसे बयान करने के लिए ‘शब्द ही नहीं हैं.’
इस मिशन के पूरा होने पर नासा चीफ़ जेरेड आइज़ैकमैन ने कहा, ”हम फिर से इंसानों को चांद पर भेजने के काम में लौट आए हैं. यह तो बस शुरुआत है.”
इमेज स्रोत, NASA
अपनी इस यात्रा के दौरान ये स्पेसक्रॉफ़्ट पृथ्वी से 2,52,756 मील (4,06,771 किलोमीटर) तक पहुंचा था ये अंतरिक्ष में इंसानों की तय की गई अब तक की सबसे ज़्यादा दूरी है.
चांद के पीछे पहुंचने के बाद अंतरिक्ष यात्रियों का नासा से संपर्क टूट गया था.
संपर्क क़रीब 40 मिनट तक टूटा रहा. हालाँकि इसकी संभावना पहले ही जता दी गई थी.
जब संपर्क दोबारा स्थापित हुआ तो मिशन विशेषज्ञ क्रिस्टीना कोच ने अंतरिक्षयान से सन्नाटा तोड़ते हुए कहा, “पृथ्वी से फिर से आवाज़ सुनना बहुत शानदार है.”
ट्रंप ने दी बधाई, कहा- अगला मिशन होगा मंगल ग्रह
इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आर्टेमिस -2 के क्रू सदस्यों का पृथ्वी पर स्वागत किया और उन्हें व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया.
ट्रंप ने कहा, “मैं जल्द ही आप सभी से व्हाइट हाउस में मिलने के लिए उत्सुक हूं. हम इसे फिर से करेंगे और फिर अगला कदम होगा मंगल ग्रह !”
इससे पहले उन्होंने अंतरिक्ष यात्रियों से बात करते हुए कहा था, “आप लोगों ने इतिहास रच दिया है और पूरे अमेरिका को गर्व महसूस कराया है.”
‘क्या शानदार यात्रा रही”

आर्टेमिस-2 के कमांडर रीड वाइज़मैन ने समुद्र में उतरते हुए कहा, “क्या शानदार यात्रा रही.”
उन्होंने कैप्सूल की स्थिति और अपनी टीम की सेहत का ज़िक्र करते हुए बताया “हम स्थिर स्थिति में हैं, और क्रू के चारों सदस्य पूरी तरह स्वस्थ हैं,”
इसके बाद कुछ समय के लिए क्रू से संपर्क में दिक्कत आई, लेकिन नासा ने उनकी वापसी को ” टेक्स्टबुक जैसी बिल्कुल सही लैंडिंग” बताया.
लाइव फीड में एक अनाउंसर को यह कहते सुना गया कि चारों अंतरिक्ष यात्री “बेहतरीन स्थिति में हैं”.
“वे सभी पूरी तरह फिट और स्वस्थ हैं”
ओरायन कैप्सूल के अंदर मौजूद एक मेडिकल अधिकारी ने पुष्टि की कि क्रू के चारों सदस्य पूरी तरह ‘ग्रीन’ हैं.
यूएसएस जॉन पी मर्था से नासा की ओर से बोलते हुए मेगन क्रूज़ ने मज़ाक में कहा, “ग्रीन का मतलब है कि वे बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं, न कि उनकी त्वचा का रंग हरा हो गया है.”
अंतरिक्ष यात्रियों को थोड़ी देर में यूएसएस जॉन मर्था ले जाया जाएगा.
बीबीसी की साइंस एडिटर रेबेका मोरेल ने इस मिशन के बारे में नासा की विज्ञान प्रमुख डॉ. निकोला फॉक्स से बात की.
उन्होंने कहा कि मिशन कंट्रोल में साइंस टीम के लिए यह दिन शानदार तो था लेकिन बेहद व्यस्त भी रहा.
अंतरिक्ष यात्रियों ने मिशन के इस हिस्से की तैयारी में कई साल लगाए हैं.
उन्होंने नासा की टीम के साथ मिलकर लूनर साइंस का गहराई से अध्ययन किया.
फॉक्स ने कहा कि क्रू ने इस दौरान बेहतरीन काम किया और चंद्रमा से जुड़े कई बेहद अहम इनपुट दिए.
एक सौर वैज्ञानिक होने के नाते वह ख़ास तौर पर ग्रहण को लेकर बेहद उत्साहित थीं.
उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसे कई खगोलीय घटनाक्रम देखे हैं, लेकिन इस बार दिखा यह नज़ारा पृथ्वी से देखे गए किसी भी ग्रहण से बिल्कुल अलग था.”
शॉर्ट वीडियो देखिए
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा

SOURCE : BBC NEWS



