Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान में युद्ध ख़त्म करने के सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान में अमेरिकी सेना का अभियान जल्द ख़त्म हो सकता है, लेकिन यह इस हफ्त़े ख़त्म नहीं होगा.
ट्रंप ने कहा, “ईरान के पास जो कुछ था वह लगभग ख़त्म हो चुका है, यहां तक कि उनकी लीडरशिप भी.”
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के नए नेता के तौर पर जिस नाम की चर्चा हो रही है, उससे ज़्यादातर लोग परिचित भी नहीं हैं.
गौरतलब है कि ईरान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के बेटे मोजतबा ख़ामेनेई नए सुप्रीम लीडर चुने गए हैं. उनके चुनाव पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो ख़ुश नहीं हैं.
वहीं ट्रंप ने यह भी बताया कि उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फ़ोन पर बातचीत हुई. उन्होंने कहा कि इस बातचीत में यूक्रेन में चल रहे युद्ध पर भी चर्चा हुई.
ट्रंप ने कहा, “यूक्रेन का युद्ध एक ऐसा संघर्ष है जो ख़त्म होता नहीं दिख रहा. राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के बीच गहरी दुश्मनी है और वे किसी समझौते पर नहीं पहुंच पा रहे हैं. लेकिन मुझे लगता है कि उस मुद्दे पर बातचीत सकारात्मक रही.”
उन्होंने कहा कि बातचीत में मध्य पूर्व की स्थिति पर भी चर्चा हुई और पुतिन ने कहा कि वह मदद करना चाहते हैं.
ट्रंप के मुताबिक़ उन्होंने पुतिन से कहा, “अगर आप यूक्रेन का युद्ध ख़त्म कराने में मदद करें तो वह ज़्यादा मददगार होगा.”
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को मोजतबा ख़ामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनने पर बधाई दी है.
रूसी राष्ट्रपति ने कहा था, “तेहरान के लिए रूस अपना अटूट समर्थन और ईरानी दोस्तों के साथ एकजुटता को दोहराता है. वादा करते हैं कि हम एक भरोसेमंद साथी बने रहेंगे.”
अमेरिका और इसराइल ने पिछले महीने के आख़िर में ईरान पर हमला किया था, जिसके बाद से मध्य पूर्व के देशों में तनाव बना हुआ है.
SOURCE : BBC NEWS



