Home विश्व समाचार ‘अभी 2-3 हफ्ते तक ईरान को बहुत मारेंगे’, ट्रंप बोले- हम उन्हें...

‘अभी 2-3 हफ्ते तक ईरान को बहुत मारेंगे’, ट्रंप बोले- हम उन्हें पाषाण युग में वापस भेज देंगे

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान युद्ध के बीच डोनाल्ड ट्रंप का राष्ट्र के नाम बड़ा संबोधन। ट्रंप ने ईरान को ‘पाषाण युग’ में धकेलने और तेल ठिकानों को नष्ट करने की कड़ी चेतावनी दी है। साथ ही होर्मुज और वैश्विक तेल आपूर्ति पर अमेरिका का रुख साफ किया।

पश्चिम एशिया में चल रहे गंभीर युद्ध और तनाव के बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए एक बेहद कड़ा और आक्रामक संदेश दिया है। अपने संबोधन में उन्होंने सैन्य कार्रवाई, वैश्विक तेल आपूर्ति और पश्चिम एशिया के रणनीतिक जलमार्गों को लेकर अमेरिका की रणनीति स्पष्ट की है।

पाषाण युग में धकेल देंगे- कड़े प्रहार की चेतावनी

ट्रंप ने ईरान में जारी युद्ध को लेकर स्पष्ट किया कि अमेरिकी सेना रुकने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सैन्य बल ‘अजेय’ हैं। उन्होंने ईरान को एक बेहद सख्त चेतावनी देते हुए कहा, ‘हम 2 से 3 सप्ताह के भीतर उन पर बहुत ही कड़ा प्रहार करने जा रहे हैं। हम उन्हें वापस पाषाण युग (Stone Age) में धकेल देंगे।’

‘सत्ता परिवर्तन’ पर बड़ा बयान

इस संघर्ष के मुख्य उद्देश्यों के बारे में बात करते हुए ट्रंप ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान में सत्ता परिवर्तन कभी भी अमेरिका का मुख्य लक्ष्य नहीं था, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के कारण सत्ता परिवर्तन हो चुका है।

तेल ठिकानों पर हमले की सीधी धमकी

ईरान की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले तेल क्षेत्र पर ट्रंप ने साफ कहा कि अमेरिका ने अभी तक जानबूझकर उनके तेल ठिकानों को निशाना नहीं बनाया है। हालांकि, उन्होंने तुरंत यह भी कहा कि “हम उनके तेल ठिकानों को निशाना बना सकते हैं… और अगर ऐसा हुआ, तो वह पूरी तरह से नष्ट हो जाएंगे।”

ऊर्जा उत्पादन में अमेरिका का दबदबा और ईंधन की कीमतें

वैश्विक ऊर्जा बाजार में अमेरिका की ताकत का बखान करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका आज सऊदी अरब और रूस के कुल उत्पादन को मिला दें, तो उससे भी ज्यादा ऊर्जा का उत्पादन करता है। युद्ध के कारण ईंधन की कीमतों में हो रहे इजाफे पर जनता को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि तेल की कीमतों में यह वृद्धि केवल “अल्पकालिक” है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर सहयोगी देशों को नसीहत

वैश्विक व्यापार के सबसे अहम रास्तों में से एक ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ को लेकर ट्रंप ने अन्य देशों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य स्वाभाविक रूप से खुल जाएगा। हालांकि ट्रंप ने स्पष्ट किया कि होर्मुज की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब अन्य देशों को लेनी चाहिए। हम इसमें मददगार साबित होंगे, लेकिन नेतृत्व उन्हें ही करना होगा। दुनिया के अन्य देशों को चुनौती देते हुए ट्रंप ने कहा कि वे अपनी जरूरत का तेल अमेरिका से खरीदें और होर्मुज का जिम्मा लेने के लिए अपना साहस जुटाएं, ताकि वे अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN