Source :- LIVE HINDUSTAN
फ्रेंच मल्टीनेशनल बैंक BNP Paribas खरीदार था जबकि मॉर्गन स्टैनली बेचने वाला था। BNP ने अपनी सहयोगी कंपनी BNP Paribas Financial Markets के ज़रिए कंपनी के 6.9 लाख शेयर खरीदे। जानकारी के मुताबिक इस डील की कीमत 56 करोड़ रुपये थी।
Adani green share: गौतम अडानी समूह की कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी में कुछ ब्लॉक डील हुई है। इसके तहत फ्रेंच मल्टीनेशनल बैंक BNP Paribas खरीदार था जबकि मॉर्गन स्टैनली बेचने वाला था। BNP ने अपनी सहयोगी कंपनी BNP Paribas Financial Markets के ज़रिए कंपनी के 6.9 लाख शेयर खरीदे। जानकारी के मुताबिक इस डील की कीमत 56 करोड़ रुपये थी।
बता दें कि ये शेयर 808.3 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर खरीदे गए, जो सोमवार की क्लोजिंग कीमत 816.45 रुपये से 1% कम थी। वहीं, मॉर्गन स्टैनली ने अपनी इन्वेस्टमेंट विंग मॉर्गन स्टैनली एशिया (सिंगापुर) Pte के ज़रिए उतने ही शेयर बेचे। इस बीच, BSE पर अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर 2.76 प्रतिशत बढ़कर 839.30 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए। इस शेयर ने एक साल की अवधि में 12% की गिरावट देखी है। इसके विपरीत, Nifty और BSE Sensex में क्रमशः 2% और 4% की गिरावट आई है।
टोटलएनर्जीज ने बेची थी हिस्सेदारी
बता दें कि फ्रांसीसी ऊर्जा कंपनी टोटलएनर्जीज ने अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड में अपनी 1.7 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी है। कंपनी ने बीती तिमाही और वर्ष 2025 के अपने वित्तीय नतीजों पर जारी बयान में बताया था कि उसने अक्टूबर-दिसंबर, 2025 के दौरान परिसंपत्तियों की बिक्री से 2.08 अरब अमेरिकी डॉलर जुटाए।
टोटलएनर्जीज के मुताबिक, इन विनिवेश में नाइजीरिया के बोंगा क्षेत्र में गैर-संचालित हिस्सेदारी की बिक्री, मलेशिया के ब्लॉक एसके408 में आंशिक हिस्सेदारी की बिक्री, अमेरिका और यूनान में अक्षय ऊर्जा पोर्टफोलियो में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी की बिक्री तथा अडानी ग्रीन एनर्जी में 1.7 प्रतिशत हिस्सेदारी की बिक्री शामिल है। टोटलएनर्जीज ने जनवरी, 2021 में अडानी ग्रीन में अल्पांश हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया था।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में अडानी ग्रीन एनर्जी का मुनाफा लगभग 98.94 प्रतिशत घटकर पांच करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से खर्च बढ़ने के कारण कंपनी का लाभ घटा है। पिछले वर्ष की समान तिमाही (दिसंबर 2024) में उसने 474 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 2,961 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,329 करोड़ रुपये था। वित्तीय लागत भी पिछले साल के 1,251 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,698 करोड़ रुपये हो गई। हालांकि, तिमाही के दौरान कुल आय बढ़कर 2,837 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल 2,636 करोड़ रुपये थी। अप्रैल से दिसंबर 2025 के दौरान परिचालन क्षमता सालाना आधार पर 48 प्रतिशत बढ़कर 17.2 गीगावाट हो गई है। इसके साथ कंपनी 50 गीगावाट के लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ रही है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



