Source :- LIVE HINDUSTAN
बुधवार को बाजार की भारी बिकवाली के बीच जयेश लॉजिस्टिक्स लिमिटेड के शेयर पर निवेशक टूट पड़े। इस डिमांड की वजह कंपनी से जुड़ी एक पॉजिटिव खबर है। जयेश लॉजिस्टिक्स लिमिटेड को अडानी समूह से ₹34.42 करोड़ का वर्क ऑर्डर मिला है।
सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को बाजार की भारी बिकवाली के बीच जयेश लॉजिस्टिक्स लिमिटेड के शेयर पर निवेशक टूट पड़े। इस डिमांड की वजह कंपनी से जुड़ी एक पॉजिटिव खबर है। दरअसल, जयेश लॉजिस्टिक्स लिमिटेड को अडानी समूह से एक थर्मल पावर प्लांट परियोजना से संबंधित परिवहन सेवाएं प्रोवाइड करने के लिए ₹34.425 करोड़ का वर्क ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर में पारसा केंटे कोलियरी लिमिटेड (पीकेसीएल) से मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में स्थित महान एनर्जेन लिमिटेड के थर्मल पावर प्लांट तक सड़क मार्ग से अपशिष्ट सामग्री का परिवहन शामिल है।
12 महीने का है काम
स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, यह कॉन्ट्रैक्ट लगभग 12 महीनों में पूरा किया जाएगा। कॉन्ट्रैक्ट के दायरे के अनुसार जयेश लॉजिस्टिक्स पारसा केंटे कोलियरी से सिंगरौली जिले के बंधौरा गांव में स्थित महान एनर्जेन थर्मल पावर प्लांट तक लगभग 2,70,000 मीट्रिक टन सामग्री के परिवहन का कार्य संभालेगी। जयेश लॉजिस्टिक्स ने बताया कि यह ऑर्डर एक घरेलू इकाई द्वारा दिया गया है और इसमें किसी भी संबंधित पक्ष का लेन-देन शामिल नहीं है। कंपनी ने यह भी कहा कि न तो प्रमोटर और न ही प्रमोटर समूह की कंपनियों का ऑर्डर देने वाली इकाई में कोई हित है।
शेयर का परफॉर्मेंस
जयेश लॉजिस्टिक्स लिमिटेड के शेयर परफॉर्मेस की बात करें तो 152.75 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले बुधवार को उछलकर 159.50 रुपये तक पहुंच गया। शेयर का इंट्रा-डे लो 153.55 रुपये है। शेयर की क्लोजिंग 2.82% बढ़त के साथ 157.05 रुपये पर हुई। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 183 रुपये है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का लो 106.35 रुपये है।
शेयर बाजार में मचा है हाहाकार
बता दें कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को बड़ी गिरावट देखी गई और प्रमुख सूचकांक करीब 11 महीने के निचले स्तर पर बंद हुए। इस गिरावट की वजह से निवेशकों को 6 लाख करोड़ रुपये तक का नुकसान हो गया।
सेंसेक्स-निफ्टी का हाल
बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,342.27 अंक (1.72 प्रतिशत) लुढ़ककर 76,863.71 अंक पर आ गया। यह 15 अप्रैल 2025 के बाद का निचला स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 394.75 अंक यानी 1.63 प्रतिशत टूटकर 17 अप्रैल के बाद के निचले स्तर 23,866.85 अंक पर बंद हुआ।
वहीं, 26 फरवरी के बाद आठ कारोबारी दिवस में शेयर बाजार में यह छठी बड़ी गिरावट है। इन आठ दिनों में सेंसेक्स कुल 5,384.90 अंक (6.55 प्रतिशत) और निफ्टी-50 सूचकांक 1,629.70 अंक (6.39 प्रतिशत) गिर चुका है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



